संगरिया (हनुमानगढ़)/अलवर/सीकर. प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव प्रक्रिया के पहले ही दिन मंगलवार को कई जगह छात्र गुटों में झड़पें हुईं। लाठी-सरिये चले। हनुमानगढ़ के संगरिया में नामांकन रैली में शामिल छात्रों पर गोलीबारी की गई। इसमें दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हुए। मृतक अमनदीप बिश्नोई व संदीप बिश्नोई हरियाणा के रहने वाले थे और छात्र नेता दिनेश बिश्नोई के समर्थन में यहां आए थे। दिनेश इनका रिश्तेदार बताया जा रहा है। मृतक अमनदीप हरियाणा के पूर्व विधायक सहीराम धारणिया का पोता था।
अलवर में आधा दर्जन से अधिक जगहों पर पुलिस और छात्रों का आमना-सामना हुआ। जुलूस के साथ नामांकन भरने जा रहे छात्रों को रोका गया। कई बार स्थिति तनावपूर्ण बनी, लेकिन पुलिस ने काबू पा लिया। झुंझुनूं में सेठ मोतीलाल पीजी कॉलेज में नामांकन भरने आए दो छात्र गुटों में झड़पें हुईं। दोनों ओर से पथराव किया गया तथा लाठी-सरिये चले।
पुलिस ने बल प्रयोग कर स्थिति को काबू में किया।
पुलिस के अनुसार संगरिया में मारा गया युवक अमनदीप उर्फ सोनू बिश्नोई (28) सिरसा जिले के गांव सक्ताखेड़ा तथा संदीप उर्फ बबलू बिश्नोई (25) गांव जंडवाला बिश्नोईयान निवासी था। वारदात उस समय हुई, जब ग्रामोत्थान विद्यापीठ कॉलेज में दिनेश बिश्नोई अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय के रूप में नामांकन दाखिल करने के बाद छात्र रैली के रूप में वापस लौट रहा था। रैली टिब्बी बस स्टैंड के पास पहुंची तो सामने से आई एक सफेद रंग की कार में हथियारों से लैस कुछ युवक उतरे और कार में सवार अमनदीप व संदीप पर गोलियां दागनी शुरू कर दी। घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है।
![]() |
| लाठीचार्ज होने पर भागने लगे एनएसयूआई के छात्र ) |
वारदात में बस स्टैंड के पास खड़े अजय(19) निवासी संगरिया, निरंजन प्रजापत (35) निवासी ढांबा, बाबरसिंह (61) निवासी शेरगढ़ व नीरज (20) निवासी चौटाला हरियाणा छर्रे लगने से घायल हो गए। इस वारदात के बाद हमलावरों ने संगरिया चौटाला मार्ग पर स्थित स्वामी केशवानन्द कृषि महाविद्यालय के सामने फायर किए। उस समय कॉलेज में तैनात पुलिस टीम ने सरकारी जीप से हमलावरों का गांव सक्ताखेड़ा तक पीछा किया। लेकिन आरोपी हरियाणा सीमा में प्रवेश कर गए। गोलियां चलने से टिब्बी बस स्टैंड पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोग दुकानों में घुस गए । दखते ही देखते सारी दुकानें बंद हो गई।
पुलिस ने बताई पुरानी रंजिश
एएसपी डीडी सिंह ने बताया कि संगरिया मामले की प्राथमिक जांच में पुरानी रंजिश के चलते हत्या की बात सामने आई है। 2013 में गांव लखासर के रहने वाले रविन सिहाग व अन्य के साथ संदीप व अमनदीप का झगड़ा हुआ था। इसी की रंजिश में विक्की प्रकाश आदि ने अपने अन्य साथियों के साथ इन पर फायरिंग की।
एएसपी डीडी सिंह ने बताया कि संगरिया मामले की प्राथमिक जांच में पुरानी रंजिश के चलते हत्या की बात सामने आई है। 2013 में गांव लखासर के रहने वाले रविन सिहाग व अन्य के साथ संदीप व अमनदीप का झगड़ा हुआ था। इसी की रंजिश में विक्की प्रकाश आदि ने अपने अन्य साथियों के साथ इन पर फायरिंग की।
23 अगस्त को है वोटिंग
छात्रसंघ चुनाव के लिए उदयपुर को छोड़कर प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों व कॉलेजों में 23 अगस्त को वोटिंग होगी। उदयपुर में सरकार दौरे पर है, इसलिए 30 अगस्त को मतदान होगा। मंगलवार को नामांकन दाखिल करने का पहला व अंतिम दिन था। 20 अगस्त को नाम वापसी व नामांकनों की छंटनी होगी।
भास्कर दृष्टिकोण
लोकसभा और विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण निबट गए, लेकिन छात्रसंघ चुनाव प्रक्रिया के पहले ही दिन दो छात्रों की हत्या कई सवाल खड़े करती है। पुलिस की भूमिका सवालों में है, क्योंकि छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्ण कराने के लिए उसके पास कोई रणनीति नहीं है। पुलिस इसी तरह लापरवाह रही तो आने वाले दिनों में हिंसा और बढ़ेगी। गौर करें कि छात्र गुटों में हिंसा के कारण ही 2004-05 में छात्रसंघ चुनावों पर रोक लगा दी गई थी। इन्हें 2010-11 में फिर शुरू किया गया। ऐसी स्थिति दुबारा न आए, इसलिए पुलिस के साथ छात्रों की जिम्मेदारी बनती है कि वे लोकतांत्रिक ढंग से चुनाव में भाग लें।



